
बेलहत्थी गांव के 17 टोलों में बिजली-पानी नहीं
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
बेलहत्थी ग्राम पंचायत के 17 टोलों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। यहां न तो जल है और न ही बिजली है।ग्रामीणों का कहना है कि वे आज भी पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। अधिकारी और जनप्रतिनिधि सुध नहीं ले रहे हैं। रामकिशुन भारती ने बताया कि आजादी के बाद से अब तक टोलों में न नल पहुंचा, न बिजली।
मंत्री-अफसर आते हैं, फोटो खिंचवाते हैं और आश्वासन देकर चले जाते हैं। ग्रामीण आज भी अंधेरे में जी रहे हैं और दूषित पानी पीने को मजबूर हैं।
ग्रामवासियों ने बताया कि जल नल योजना से अभी तक एक भी टोला लाभान्वित नहीं हुआ है। ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए किमी दूर जाना पड़ता है।
बिजली न होने से छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। सिर्फ रानीताली टोला के कुछ ही घरों में विद्युत कनेक्शन है।
ग्रामीण गुलाब सिंह, द्वारिका प्रसाद, उदय सिंह, लल्लू सिंह, ने सरकार और प्रशासन से जल्द से जल्द इन टोलों में जल और बिजली पहुंचाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इस संबंध में ग्राम प्रधान संगीता देवी ने बताया कि गांव के रानीताली टोला के कुछ ही घरों में विद्युत कनेक्शन है।बाकी पूरे गांव में विद्युत को लेकर संबंधित विभाग की ओर से दो बार सर्वे किया जा चुका है। क्षेत्रीय विधायक व राज्य मंत्री संजीव गोंड को गांव में जल्द विद्युत आपूर्ति के लिए पत्रक सौंपा गया है।
हर घर जल नल योजना का कार्य अभी तक शुरू ही नहीं किया गया है। वहीं ग्राम सचिव अंकित कुमार सिंह ने बताया कि बिजली कनेक्शन के लिए सर्वे हुआ है। तकनीकी दिक्कतों से काम शुरू नहीं हुआ है। जल्द ही विद्युतीकरण होगा।