
बिल्ली–मारकुंडी खनन क्षेत्र में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई, आधा दर्जन कारोबारियों के घर-ऑफिस पर की छापेमारी
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
, 8382048247
होली से पहले खनन क्षेत्र में मचा हड़कंप, दस्तावेज खंगालने में जुटी टीमें
चोपन/सोनभद्र। जनपद के बिल्ली–मारकुंडी खनन क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब आयकर विभाग की दर्जनों टीमों ने बुधवार को सुबह एक साथ आधा दर्जन से अधिक खनन कारोबारियों के घरों और कार्यालयों पर छापेमारी की। कार्रवाई सुबह तड़के शुरू हुई, जिससे पूरे खनन क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। होली पर्व से ठीक पहले हुई इस बड़ी कार्रवाई से कारोबारियों और संबंधित लोगों में सियापा छा गया है। सूत्रों के अनुसार आयकर विभाग की टीमें स्थानीय पुलिस बल के साथ पहुंचीं और संबंधित कारोबारियों के आवास, दफ्तर तथा अन्य प्रतिष्ठानों को घेर लिया। इसके बाद टीमों ने अंदर प्रवेश कर जरूरी दस्तावेज, लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड, कंप्यूटर हार्ड डिस्क, मोबाइल फोन और बैंक खातों से संबंधित कागजातों की गहन जांच शुरू कर दी। कई स्थानों पर कर्मचारियों और परिजनों से पूछताछ भी की गई। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई खनन कारोबार में आय और व्यय के बीच कथित असमानता, टैक्स चोरी और बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतों के आधार पर की गई है। हालांकि आधिकारिक तौर पर विभाग की ओर से विस्तृत जानकारी जारी नहीं की गई है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि जांच कई महीनों से चल रही थी और पुख्ता इनपुट मिलने के बाद एक साथ छापेमारी की रणनीति बनाई गई। खनन क्षेत्र के व्यापारिक गतिविधियों पर इसका सीधा असर देखा गया। कई खनन साइटों पर कामकाज धीमा पड़ गया, वहीं परिवहन और लोडिंग गतिविधियों में भी कमी आई। कारोबारी वर्ग में चर्चा का बाजार गर्म है और लोग पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। उधर, आयकर विभाग की टीमें देर शाम तक दस्तावेजों की जांच और सीलिंग की कार्रवाई में जुटी रहीं। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद विभाग की ओर से आधिकारिक बयान जारी किया जा सकता है।
फिलहाल, बिल्ली–मारकुंडी खनन क्षेत्र में होली की तैयारियों के बीच छापेमारी की इस कार्रवाई ने माहौल को गरमा दिया है और पूरे जनपद में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।