
सोनभद्र में डिजिटल क्रांति: सदर कोतवाली बनेगी पहला ‘पेपरलेस थाना’, अब हर सेवा होगी ऑनलाइन
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो – कमलेश पाण्डेय
📞 8382048247
सोनभद्र। पुलिस व्यवस्था को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। अब जनपद की सदर कोतवाली (रॉबर्ट्सगंज) को ‘पेपरलेस थाना’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस पहल के तहत थाने से जुड़ी सभी सेवाएं पूरी तरह ऑनलाइन कर दी जाएंगी, जिससे आम जनता को तेज, सरल और पारदर्शी सेवाएं मिल सकेंगी।
पुलिस विभाग द्वारा चलाए जा रहे इस पायलट प्रोजेक्ट के तहत उत्तर प्रदेश के प्रत्येक जिले में एक-एक थाने का चयन किया गया है। सोनभद्र में इसके लिए सदर कोतवाली को चुना गया है। एएसपी मुख्यालय अनिल कुमार के अनुसार, 1 अप्रैल से इस योजना को लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और अगले एक महीने में इसे पूरी तरह क्रियान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद थाने में एफआईआर दर्ज करने, जीडी (रोजनामचा) में प्रविष्टि, चरित्र प्रमाणपत्र जारी करने, पासपोर्ट सत्यापन रिपोर्ट भेजने जैसी सभी प्रक्रियाएं डिजिटल माध्यम से ही संपन्न होंगी। इससे कागजी कार्यवाही खत्म होगी और कामकाज में पारदर्शिता के साथ तेजी भी आएगी।
गौरतलब है कि जिले में दो महिला थानों समेत कुल 23 थाने संचालित हैं। ऐसे में रॉबर्ट्सगंज कोतवाली के पेपरलेस बनने के बाद यह जनपद का पहला थाना होगा, जहां एफआईआर से लेकर सभी रिपोर्टिंग कार्य पूरी तरह ऑनलाइन किए जाएंगे।
पुलिस महकमा पहले ही डिजिटल निगरानी के लिए आधुनिक कंट्रोल रूम और विभिन्न ऐप के माध्यम से अपनी कार्यप्रणाली को सशक्त कर रहा है। अब पेपरलेस थाना प्रणाली के जरिए पुलिसिंग को और अधिक स्मार्ट और जवाबदेह बनाने की दिशा में यह एक अहम कदम माना जा रहा है।
👉 यदि यह प्रयोग सफल रहा, तो आने वाले समय में जिले के अन्य थानों को भी इसी तर्ज पर पेपरलेस बनाया जाएगा।