
सोनभद्र में बेमौसम बारिश से फसलों की तबाही – सदर विधायक ने किया प्रभावित गांवों का दौरा
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
किसानों को भरोसा – “सरकार हर संभव सहायता देगी, किसी को मुआवजे से वंचित नहीं किया जाएगा”
सोनभद्र।
जनपद में बीते पांच दिनों से हो रही लगातार बेमौसम बारिश और तेज आंधी के कारण किसानों की धान, आलू, सरसों, मटर और मिर्चा जैसी फसलें बुरी तरह तबाह हो गई हैं। मौसम की इस मार से खेतों में तैयार फसलें जमीन पर बिछ गईं, जिससे किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रविवार को सदर विधायक सोनभद्र श्री भूपेश चौबे ने स्वयं राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनियों के अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने आमडीह, चकया, वैनी, दूबेपुर, पवनी सहित कई गांवों का भ्रमण कर बर्बाद हुई फसलों का जायजा लिया और किसानों से संवाद किया।
सदर विधायक ने किसानों को आश्वस्त किया कि
> “सरकार किसानों के साथ खड़ी है। सभी प्रभावित किसानों को मुआवजा और सहायता राशि पूरी पारदर्शिता के साथ दी जाएगी। किसी भी किसान को उसके अधिकार से वंचित नहीं किया जाएगा।”
उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि
> “फसल क्षति का सर्वेक्षण करते समय किसी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार के पास संसाधनों की कोई कमी नहीं है, इसलिए यदि किसी किसान का मुआवजा कम बनाया गया या उन्हें परेशान किया गया तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
विधायक ने यह भी कहा कि किसानों की समस्या देश की सबसे बड़ी चिंता है और
> “यह किसान प्रधान देश है, यहां किसानों के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।”
निरीक्षण के दौरान सदर तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, क्षेत्रीय लेखपाल, कृषि विभाग के अधिकारी एवं बीमा कंपनियों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
इस मौके पर भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष यादवेन्द्र द्विवेदी, नगवा ब्लॉक प्रमुख आलोक सिंह, देवी सिंह, महेश पटेल, अवधेश पटेल, सूर्यकुमार कनौजिया, विकास मिश्रा सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौजूद रहे।