
रविवार से बारिश के आसार“`
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। बस एक दिन की गर्मी और झेल लें। इसके बाद अच्छी बारिश के संकेत हैं। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक रविवार से मौसम बदलेगा। बादलाें के साथ बारिश की उम्मीद है। इसके बाद से कई दिनों तक लगातार ऐसे ही मौसम बना रहेगा। हालांकि उससे पहले लोगों को भीषण गर्मी से जूझना पड़ेगा। शुक्रवार को भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार रहा। करीब 24 दिन बाद न्यूनतम तापमान 30 डिग्री तक पहुंच गया। उमसभरी गर्मी में लोग छटपटाते रहे।यइस बार मानसून के समय से आने की संभावना जताई गई है। पूर्वी यूपी में मानसून की दस्तक सोनभद्र के रास्ते ही होती है। रविवार 15 जून से मौसम में बदलाव और बारिश की संभावना है। इसके बाद एक सप्ताह तक बादल और बारिश का क्रम बना रहेगा। उधर, शुक्रवार को मौसम ने लोगों को बेहाल किया। तीखी धूप शरीर को झुलसाती रही तो लू के थपेड़ों से बेचैन लोग राहत पाने की जुगत करते रहे। अस्पतालों में भी गर्मी से पीड़ित मरीजों की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है। मेडिकल कॉलेज से संबद्ध अस्पताल में शुक्रवार को ओपीडी में मरीजों की लंबी कतार रही। ज्यादातर मरीज बुखार, उल्टी-दस्त, पेट दर्द से ग्रसित थे। मौसम विज्ञान केंद्र चुर्क के प्रेक्षक राजन सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 40.2 और न्यूनतम 29.8 था। जबकि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से दो डिग्री अधिक है। इससे पहले 18 मई को न्यूनतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शुक्रवार को आर्द्रता 38 प्रतिशत थी। इसके चलते उमस में वृद्धि देखी गई। बताया कि रविवार से मौसम में बदलाव की संभावना है