
पेट्रोल पंप मालिक से रंगदारी मांगने, मारपीट और धमकी देने के आरोप में प्रधान सहित चार नामजद और सात अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
यह घटना मिर्जापुर के कोन क्षेत्र में हुई। महंगीपुर निवासी तीर्थराज सिंह का जयशंकर ऑटोफिलिंग स्टेशन मिश्रधाप गांव में है। सोमवार दोपहर करीब 3 बजे, करन प्रजापति नामक व्यक्ति बुलेट बाइक से पेट्रोल लेने पहुंचा। उसने पंप कर्मचारियों से दुर्व्यवहार किया और पेट्रोल मांगा, जिस पर कर्मचारियों ने पेट्रोल देने से इनकार कर दिया। कुछ देर बाद, करन प्रजापति के कहने पर मिश्रधाप गांव का प्रधान शशि मिलन यादव, राममिलन यादव, सचिन यादव और गुनगुन यादव (सभी मिश्रधाप निवासी) तथा सात अन्य लोग लाठी-डंडों और हथियारों से लैस होकर पेट्रोल पंप पर पहुंचे। उन्होंने पंप कर्मचारियों से गाली-गलौज की और रंगदारी की मांग करते हुए कहा कि पेट्रोल पंप चलाने के लिए प्रति माह 1 लाख रुपये देने होंगे। पंप के बाहर शोर सुनकर मालिक तीर्थराज सिंह अपने केबिन से बाहर निकल रहे थे। तभी इन सभी लोगों नेऑफिस के गेट का शीशा तोड़ दिया और उन्हें घसीटकर मारपीट की। उन्होंने तीर्थराज सिंह से रंगदारी की मांग की और ऑफिस के अंदर घुसकर तोड़फोड़ भी की। प्रधान शशि मिलन यादव ने पेट्रोल पंप मालिक तीर्थराज सिंह को जान से मारने की धमकी दी और फिर सभी वहां से चले गए। घटना की सूचना मिलते ही चेतगंज पुलिस चौकी प्रभारी अरविंद गुप्ता और थाना अध्यक्ष मनोज सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। देर शाम क्षेत्राधिकारी सदर अमर बहादुर और अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह ने भी घटनास्थल का दौरा किया और जांच में जुट गए। क्षेत्राधिकारी सदर अमर बहादुर ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।