
आवास विकास योजना में अपात्र लोगों को पात्र बनाने का आरोप
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
पालिका कर्मी मोटी रकम वसूल कर दे रहे भ्रष्टाचार को बढ़ावा : सभासद शाहनवाज
रिज़वान सिद्दीकी
बिजनौर । अफ़ज़लगढ़ नगर के मौहल्ला मुमताज हुसैन निवासी सभासद शाहनवाज सिद्दीकी ने आरोप लगाया कि नगर पालिका कर्मी अफ़ज़लगढ़ में आवास विकास योजना के तहत अपात्र लोगों को लाभ दिलाने के लिए मोटी रकम वसूलते हुए पात्र दिखाकर सरकार को लाखों रुपए को चूना लगाया जा रहा हैं। सभासद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पालिका कर्मियों पर कारवाई किये जाने की मांग की है।
बृहस्पतिवार को नगर के मोहल्ला मुमताज हुसैन स्थित अपने आवास पर वार्ड नंबर 15 के सभासद शाहनवाज सिद्दीकी ने जानकारी देते हुए बताया कि सरकार गरीबों, विधवाओं और विकलांगों को आवास उपलब्ध करा रही है । लेकिन कुछ पालिका कर्मियों द्वारा मोटी रकम लेकर योजना का दुरूपयोग किया जा रहा है। उन्होंने नगर पालिका के कुछ कर्मचारियों पर आरोप लगाया कि नगर में स्थित कई मौहल्लों में अवैध रूप से धन लेकर अपात्र व्यक्तियों को पात्र घोषित किया जा रहा है। इसमें विधवाओं और विकलांग व्यक्तियों के नाम पर हेराफेरी की जा रही है। हालांकि, ये लोग विधवा या विकलांग तो हैं, लेकिन पात्रता की शर्तों को पूरा नहीं करते। इसके बावजूद, पैसों के बदले उनका नाम सूची में जोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गरीबों के अधिकारो पर डाका नही डालने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है ।