
सोनभद्र जनपद के घोरावल *नगर सहित तहसील क्षेत्र में डाला छठ पर्व को लेकर नगर पंचायत प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
इसी क्रम में गुरुवार को शाम करीब 5 बजे एसडीएम घोरावल विशाल कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय, अधिशासी अधिकारी अमित कुमार सरोज और प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने पुलिस एवं प्रशासनिक टीम के साथ घोरावल नगर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने देर शाम तक तालाबों की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नगर के दशमीहवा तालाब, थनहवा तालाब और भंगहवा तालाब पहुंचकर घाटों की स्थिति देखी। एसडीएम ने अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि डाला छठ पर्व से पहले नगर के सभी तालाबों और घाटों की साफ-सफाई हर हाल में पूरी करा ली जाए। घाटों पर जमा गंदगी, झाड़ियों और कचरे को हटाकर श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ वातावरण तैयार किया जाए। साथ ही तालाबों के आसपास हुए अतिक्रमण को भी हटाने के निर्देश दिए।
वहीं पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निर्देश दिया कि सभी तालाबों में बांस-बल्ली लगवाकर बैरिकेडिंग कराई जाए, ताकि व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोका जा सके। छठ पर्व के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने की बात कही गई।
इसके अलावा अधिकारियों ने घोरावल क्षेत्र के कर्मा और शाहगंज के प्रमुख स्थानों का भी निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए, जिससे डाला छठ का पर्व श्रद्धालु सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में मना सकें।