• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
सीएमओ की चेतावनी के बावजूद लालगंज में धड़ल्ले से संचालित हो रहे कथित अवैध क्लीनिक

सीएमओ की चेतावनी के बावजूद लालगंज में धड़ल्ले से संचालित हो रहे कथित अवैध क्लीनिक


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय

*शिकायतों के बाद भी नहीं हो रही प्रभावी कार्रवाई, हादसे के बाद ही जागता है स्वास्थ्य विभाग!*

 

मीरजापुर। एक ओर मुख्य चिकित्सा अधिकारी मीरजापुर द्वारा झोलाछाप डॉक्टरों को अपना अवैध कारोबार बंद कर व्यवसाय बदलने की सख्त चेतावनी दी जा रही है, वहीं दूसरी ओर इसका असर लालगंज तहसील क्षेत्र में दिखाई नहीं दे रहा है। चेतावनी के बावजूद कथित झोलाछाप डॉक्टरों द्वारा क्लीनिक और निजी अस्पतालों का संचालन धड़ल्ले से किए जाने का आरोप है।

स्थानीय स्तर पर दावा किया जा रहा है कि लालगंज तहसील क्षेत्र में करीब सैकड़ों की संख्या में कथित अवैध क्लीनिक संचालित हो रहे हैं। इनमें कई ऐसे अस्पताल भी बताए जा रहे हैं, जिनके सामने ही डायग्नोस्टिक सेंटर खोलकर जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। बावजूद इसके स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने पर सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बाद भी संबंधित संचालकों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती। लोगों का कहना है कि जब तक किसी अस्पताल या क्लीनिक में कोई गंभीर घटना नहीं हो जाती, तब तक स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता नजर नहीं आती। घटना के बाद ही अचानक छापेमारी और कार्रवाई का सिलसिला शुरू होता है।

अब सवाल यह उठता है कि सीएमओ की सख्त चेतावनी के बावजूद लालगंज क्षेत्र में कथित अवैध क्लीनिकों का संचालन कैसे जारी है? क्या स्वास्थ्य विभाग नियमित जांच कर रहा है या शिकायतों को नजरअंदाज किया जा रहा है? क्षेत्रीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि सभी निजी क्लीनिकों, अस्पतालों और डायग्नोस्टिक सेंटरों की जांच कराई जाए तथा बिना वैध पंजीकरण और आवश्यक चिकित्सकीय योग्यता के संचालित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .