
रुद्र इंटरनेशनल स्कूल में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनी गांधी-शास्त्री जयंती
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सादगी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को अपनाने का विद्यार्थियों ने लिया संकल्प
राजगढ़, मिर्जापुर। चुनार रोड स्थित रुद्र इंटरनेशनल स्कूल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने दोनों महान विभूतियों के जीवन, संघर्ष और राष्ट्रसेवा को याद करते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक श्री श्रवण सिंह एवं प्रधानाचार्य श्री मनोज श्रीवास्तव ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, भाषण, कविताओं एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दोनों महान नेताओं को श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर प्रबंधक श्री श्रवण सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी का सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता का संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा आज भी समाज और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विद्यार्थियों से महान विभूतियों के आदर्शों को आत्मसात कर देश के जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
प्रधानाचार्य श्री मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी का जीवन हमें कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, आत्मनिर्भरता, सादगी और राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों को सत्य, स्वच्छता, अनुशासन और सेवा की भावना को अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में स्वच्छता एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया गया। अंत में विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार ने राष्ट्रहित, स्वच्छता और जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लिया। समारोह ने विद्यार्थियों में देशभक्ति, अनुशासन तथा राष्ट्रीय विभूतियों के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया।