
केवटाबीर गांव के सामने मछुआरों ने देखा शव
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
शनिवार को भरूहना निवासी गीता के रूप में हुई पहचान
मिर्जापुर। कछवां थाना क्षेत्र के केवटाबीर गांव के सामने शुक्रवार रात गंगा नदी में महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। नदी में मछली पकड़ रहे मछुआरों ने रात करीब नौ बजे शव को पानी में तैरते देखा। सूचना मिलते ही कछवां पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों व मछुआरों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर देर रात तक उसकी पहचान कराने का प्रयास किया। शनिवार को मृतका की पहचान 40 वर्षीय गीता पत्नी मनोज प्रजापति, निवासी भरूहना, थाना कोतवाली देहात, मिर्जापुर के रूप में हुई। पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस के अनुसार, दो दिन पूर्व एक महिला ने चील्ह पुल से गंगा नदी में छलांग लगा दी थी। आशंका जताई जा रही है कि केवटाबीर गांव के सामने मिला शव उसी महिला का है, जो नदी के तेज बहाव में बहकर यहां तक पहुंचा होगा। हालांकि, शव की पहचान और घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए पुलिस आगे की जांच कर रही है।