
ग्राम रोजगार सेवक संघ ने विधायक भूपेश चौबे को सौंपा ज्ञापन, मुख्यमंत्री की घोषणाओं को लागू करने की उठाई मांग
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ के पदाधिकारियों ने सोमवार को सोनभद्र के सदर विधायक भूपेश चौबे से मुलाकात कर ग्राम रोजगार सेवकों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। इस दौरान संगठन के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री द्वारा 4 अक्टूबर 2021 को ग्राम रोजगार सेवकों के हित में की गई घोषणाओं को शीघ्र लागू किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि ग्राम रोजगार सेवक पिछले करीब 20 वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन आज भी उन्हें अपेक्षित सेवा सुरक्षा, सम्मानजनक मानदेय और सामाजिक सुरक्षा का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से ग्राम रोजगार सेवकों ने मांग की कि उन्हें और उनके परिवारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही वर्तमान परिस्थितियों और बढ़ती महंगाई को देखते हुए ग्राम रोजगार सेवकों का मानदेय बढ़ाकर न्यूनतम 24 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए तथा इसका भुगतान किसी अन्य मद पर निर्भर न रखते हुए राज्य सरकार के अलग बजट से सुनिश्चित किया जाए।
संघ ने मृतक ग्राम रोजगार सेवकों के आश्रितों के संबंध में जारी शासनादेश का प्रभावी ढंग से पालन कराने की भी मांग की। पदाधिकारियों का कहना था कि वर्षों से सेवा दे रहे रोजगार सेवकों और उनके परिवारों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान किया जाना आवश्यक है।
ग्राम रोजगार सेवक संघ ने अपनी मांगों में यह भी कहा कि लगभग दो दशक से लगातार ग्रामीण विकास व्यवस्था का हिस्सा रहे रोजगार सेवकों के लिए प्रशासनिक मद की व्यवस्था की जाए तथा अनावश्यक प्रशासनिक हस्तक्षेप और कथित ‘बाबूशाही’ से उत्पन्न समस्याओं को समाप्त किया जाए।
संघ के प्रतिनिधियों ने विधायक के समक्ष यह मांग भी रखी कि राज्य सरकार अलग बजट की व्यवस्था कर प्रत्येक माह समयबद्ध रूप से मानदेय भुगतान का स्पष्ट आदेश जारी करे, ताकि प्रदेश के हजारों ग्राम रोजगार सेवकों को आर्थिक असुरक्षा और कथित प्रशासनिक उत्पीड़न से राहत मिल सके।
पदाधिकारियों ने कहा कि ग्राम रोजगार सेवक केवल मानदेय वृद्धि की मांग नहीं कर रहे हैं, बल्कि वे अपने लंबे समय से किए जा रहे कार्य के अनुरूप स्थायी सेवा, सामाजिक सुरक्षा, सम्मान और सम्मानजनक जीवन जीने का अधिकार चाहते हैं। उन्होंने सरकार से ग्राम रोजगार सेवकों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर मुख्यमंत्री की पूर्व घोषणाओं को धरातल पर लागू करने की मांग की।
इस अवसर पर सदर विधायक भूपेश चौबे ने ग्राम रोजगार सेवकों को संबोधित करते हुए उनकी समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि ग्राम रोजगार सेवक ग्रामीण विकास व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं और गांवों में सरकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्राम रोजगार सेवकों की न्यायोचित मांगों को उचित स्तर तक पहुंचाने तथा उनके हितों के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
मुलाकात के दौरान ग्राम रोजगार सेवक संघ के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी वर्षों पुरानी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए उन्हें सेवा सुरक्षा, बेहतर मानदेय और सम्मानजनक जीवन का अधिकार प्रदान करेगी।