
गोवंश से टकराई बाइक, 40 वर्षीय मनोज शर्मा की मौत वाराणसी ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम, परिवार में मचा कोहराम
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
लालगंज/मिर्जापुर। लालगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात सड़क पर अचानक आए गोवंश से बाइक टकराने के कारण हुए हादसे में 40 वर्षीय मनोज शर्मा की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल मनोज को उपचार के लिए पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज और फिर मंडलीय अस्पताल मीरजापुर ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन वाराणसी ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, लालगंज थाना क्षेत्र के दिघुली गांव निवासी मनोज शर्मा गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे बरौंधा से बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह बरौंधा चौकी क्षेत्र के परसिया गांव के पास पहुंचे, उसी दौरान सड़क पर अचानक एक गोवंश आ गया। बाइक की रफ्तार अधिक होने के कारण मनोज उसे संभाल नहीं सके और बाइक सीधे गोवंश से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मनोज सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में गहरी चोट लगने के साथ काफी खून बह गया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज ले गए।
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मंडलीय अस्पताल मीरजापुर रेफर कर दिया। वहां भी हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर भेज दिया। परिजनों के मुताबिक, वाराणसी ले जाते समय रास्ते में ही मनोज की हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद क्षेत्र में सड़क पर खुले घूम रहे गोवंश को लेकर भी लोगों में चिंता और आक्रोश है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़कों पर घूम रहे गोवंश को हटाने और इस तरह के हादसों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।