
महुआ के पेड़ से लटका मिला विवाहिता का शव, मायके में मचा कोहराम
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
चोपन थाना क्षेत्र के परास पानी टोला की घटना, पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
चोपन/सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र की पनारी ग्राम पंचायत के परास पानी टोला में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक विवाहिता का शव महुआ के पेड़ से साड़ी के फंदे के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर चोपन पुलिस के साथ फॉरेंसिक फील्ड यूनिट भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10 बजे परास पानी टोला में महिला का शव उसके मायके के घर से लगभग 150 मीटर दूर महुआ के पेड़ पर लटका मिला। मृतका की पहचान शिवकुमारी (लगभग 25 वर्ष), पत्नी रामचंद्र खरवार के रूप में हुई है। वह टेडिहवा टोला बेलहत्थी की रहने वाली थी और रक्षाबंधन के अवसर पर अपने मायके आई हुई थी।
घटना की सूचना मिलते ही चोपन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों तथा परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। विवाहिता की शादी को सात वर्ष से कम समय होने के कारण नियमानुसार मजिस्ट्रेट ट्रेनी नायब तहसीलदार अंकिता सिंह की मौजूदगी में शव का पंचनामा कराया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के पीछे के कारणों का अभी स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद से मृतका के मायके और ससुराल पक्ष में मातम का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।