
अपहरण के मामले में रॉबर्ट्सगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अपहृत मनोज कुमार पांडे बरामद; दो आरोपी गिरफ्तार
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने अपहरण के एक मामले का सफल अनावरण करते हुए 23 अगस्त को अपहृत मनोज कुमार पांडे को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट मारुति कार और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में वादिनी की तहरीर के आधार पर अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पुलिस टीम को तत्काल प्रभावी कार्रवाई करते हुए अपहृत व्यक्ति की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
कार की लोकेशन से देवरिया पहुंची पुलिस
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट मारुति कार संख्या UP32 KM 1916 से संबंधित तकनीकी जानकारी जुटाई। जांच में वाहन से जुड़े मोबाइल नंबर की लोकेशन देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र में मिली। लोकेशन के आधार पर रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने तत्काल तरकुलवा पुलिस से संपर्क किया और मामले की जानकारी साझा की।
इसके बाद दोनों थानों की पुलिस टीमों ने आपसी समन्वय के साथ संदिग्ध स्थानों पर दबिश देकर अपहृत मनोज कुमार पांडे को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की इस कार्रवाई से अपहरण की घटना का खुलासा होने के साथ ही पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली। बरामदगी और गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।