
शराब में कथित सल्फास मिलाकर सेवन, अधेड़ की संदिग्ध मौत
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
8382048247
महरीकला गांव में बिगड़ी हालत, सीएचसी म्योरपुर में चिकित्सक ने किया मृत घोषित
बीजपुर थाना क्षेत्र के महरीकला गांव में गुरुवार शाम एक 50 वर्षीय अधेड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, पवन कुमार पुत्र भुलन ने शराब में कथित तौर पर सल्फास मिलाकर सेवन कर लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) म्योरपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी है।
परिजनों के मुताबिक, पवन कुमार गुरुवार शाम शराब के नशे में थे। इसी दौरान उन्होंने कथित रूप से शराब में सल्फास मिलाकर पी लिया। कुछ देर बाद उनकी हालत अचानक बिगड़ने लगी और उन्हें लगातार उल्टियां होने लगीं। स्थिति गंभीर देख परिजन उन्हें लेकर सीएचसी म्योरपुर पहुंचे।
बताया जा रहा है कि तबीयत खराब होने पर परिजनों ने पवन कुमार से पूछताछ की। इस दौरान उन्होंने कथित तौर पर सल्फास का सेवन करने की बात परिजनों को बताई। इसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।
अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।