
मिर्जापुर/सोनभद्र। सावन माह के बीच लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब नदी-नालों के जलस्तर पर साफ दिखाई देने लगा है।
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
गुरुवार सुबह से जारी तेज बारिश के चलते धूरकर स्थित बकहर नदी उफान पर आ गई है। मिर्जापुर और सोनभद्र जनपद की सीमा निर्धारित करने वाली इस नदी में जलस्तर तेजी से बढ़ने से आसपास के ग्रामीणों के साथ-साथ बाबा शिवद्वार धाम जाने वाले कांवड़ियों की चिंता भी बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार लगातार हो रही वर्षा के कारण बकहर नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और पानी का बहाव भी काफी तेज हो गया है। नदी के किनारे बसे गांवों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि अगले कुछ घंटों तक बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो नदी का जलस्तर और बढ़ सकता है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव और आवागमन प्रभावित होने की आशंका है।
सावन के पवित्र महीने में बाबा शिवद्वार धाम में जलाभिषेक के लिए प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु और कांवड़िये पहुंच रहे हैं। ऐसे में बकहर नदी के उफान पर आने से मंदिर जाने वाले मार्ग पर खतरा बढ़ गया है। श्रद्धालुओं से अपील की जा रही है कि वे नदी पार करते समय विशेष सावधानी बरतें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। तेज बहाव के दौरान किसी भी प्रकार का जोखिम उठाने से बचें।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि प्रशासन को नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखनी चाहिए तथा संवेदनशील स्थानों पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीमों की तैनाती सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ समय तक वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना है। ऐसे में बकहर नदी का जलस्तर और बढ़ सकता है। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से नदी और नालों के पास न जाएं तथा सुरक्षित स्थानों पर रहें। स्थानीय प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव के लिए तैयार रहने की बात कही गई है।