
सोनभद्र: मौसी के घर से लौट रहे युवक पर गिरी कच्ची दीवार, दर्दनाक हादसे में मौत
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पवर गांव में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में 23 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मौसी के घर से अपने गांव लौट रहे युवक पर अचानक कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई, जिससे वह मलबे में दब गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल मलबा हटाकर युवक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान डेहरी कला गांव निवासी अवधेश (23) पुत्र बबलू के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार अवधेश शनिवार को रॉबर्ट्सगंज बाजार धान की नर्सरी में उगी घास को नष्ट करने वाली दवा खरीदने गया था। दवा खरीदने के बाद वह बाइक से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में स्थित पवर गांव में अपनी मौसी के घर कुछ देर के लिए रुक गया।
बताया जा रहा है कि शाम के समय जब अवधेश मौसी के घर से निकलकर बाइक पर सवार होने की तैयारी कर रहा था, तभी अचानक पास की जर्जर कच्ची दीवार भरभराकर उसके ऊपर गिर पड़ी। दीवार के भारी मलबे में दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और काफी मशक्कत के बाद उसे मलबे से बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में लगातार हो रही बारिश के कारण कच्ची दीवार कमजोर होकर गिरने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।