
सोनभद्र: क्षतिग्रस्त पुलिया में फ्लाई एश से लदा हाइवा धंसा, बीजपुर-रेणुकूट मार्ग पर घंटों जाम
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र के बीजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जरहा गांव स्थित सेवकाडांड में गुरुवार को बीजपुर-रेणुकूट मुख्य मार्ग पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। फ्लाई एश से लदा एक हाइवा क्षतिग्रस्त पुलिया पर धंस गया, जिससे मुख्य मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। घटना के बाद राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संबंधित हाइवा एनटीपीसी रिहंद के राख बांध से फ्लाई एश लेकर निर्धारित गंतव्य की ओर जा रहा था। जब वाहन सेवकाडांड स्थित क्षतिग्रस्त पुलिया के पास पहुंचा, तभी पुलिया का कमजोर हिस्सा भारी वाहन का भार नहीं सह सका और हाइवा उसमें धंस गया।
बताया जा रहा है कि उक्त पुलिया पर इन दिनों निर्माण कार्य चल रहा है। इसके चलते सड़क का आधा हिस्सा पहले से बंद है और शेष संकरे हिस्से से ही दोनों दिशाओं के वाहनों का आवागमन कराया जा रहा था। इसी दौरान भारी हाइवा के गुजरने पर यह हादसा हो गया।
घटना के बाद बीजपुर-रेणुकूट मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर ट्रकों, बसों, निजी वाहनों और दोपहिया वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर संबंधित विभाग एवं स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हाइवा को सुरक्षित निकालने तथा यातायात बहाल कराने के प्रयास शुरू किए गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षतिग्रस्त पुलिया पर लंबे समय से निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और प्रभावी यातायात प्रबंधन के अभाव में आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों ने पुलिया का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने तथा वैकल्पिक यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।