
चोपन (सोनभद्र) सीएचसी चोपन के अधीक्षक डॉ. सुभाष जी का आह्वान — “एक भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चोपन के अधीक्षक आदरणीय डॉ. सुभाष जी ने राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अवसर पर समस्त आशा बहनों, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग के सभी कर्मचारियों से अभियान को पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और जनभागीदारी के साथ सफल बनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि भारत ने वर्षों के सतत प्रयासों, जनजागरूकता और स्वास्थ्य कर्मियों की मेहनत से पोलियो पर विजय प्राप्त की है। अब हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी इस उपलब्धि को बनाए रखना है, ताकि देश का कोई भी बच्चा पोलियो जैसी बीमारी की चपेट में न आए।
डॉ. सुभाष जी ने बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सोनभद्र के निर्देश एवं नेतृत्व में पूरे जनपद में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने सभी आशा कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि प्रत्येक कार्यकर्ता प्रतिदिन कम से कम 80 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य पूरा करे तथा यह सुनिश्चित करे कि उसके क्षेत्र का एक भी बच्चा दवा से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि “दो बूंद जिंदगी की” केवल दवा नहीं, बल्कि हर बच्चे के स्वस्थ, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य का संकल्प है। पाँच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को बिना किसी भेदभाव के पोलियो की खुराक अवश्य पिलाई जानी चाहिए।
डॉ. सुभाष जी ने कहा कि स्वस्थ बच्चे ही स्वस्थ समाज और सशक्त भारत की आधारशिला हैं। जब प्रत्येक नागरिक इस अभियान को अपना कर्तव्य समझकर सहयोग करेगा, तभी हमारा देश भविष्य में भी पोलियो-मुक्त बना रहेगा।
अंत में उन्होंने सभी बच्चों के उत्तम स्वास्थ्य, उज्ज्वल भविष्य एवं सुखी जीवन की कामना करते हुए अभियान में जुटे सभी स्वास्थ्य कर्मियों का उत्साहवर्धन किया और कहा—
“जनसेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और मानवता की सेवा ही सच्ची राष्ट्रसेवा है।”
संकल्प लें — “एक भी बच्चा न छूटे, पोलियो की दो बूंद जरूर मिले।”