
सोनभद्र: ससुराल आए युवक ने शराब में मिलाया कीटनाशक, हालत गंभीर, वाराणसी रेफर
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र के बभनी थाना क्षेत्र स्थित कोंगा गांव में ससुराल आए एक युवक द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में शराब में कीटनाशक मिलाकर पी लेने का मामला सामने आया है। घटना के बाद युवक की हालत गंभीर हो गई, जिसके चलते उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) म्योरपुर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर किया। वहां भी स्थिति में सुधार न होने पर बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोपन थाना क्षेत्र के कोटा गांव निवासी दिनेश कुमार (28), पुत्र छोटे, शनिवार को अपनी ससुराल कोंगा गांव आया था। बताया जा रहा है कि शनिवार रात वह घर से बाहर गया, जहां उसने शराब का सेवन किया। इसी दौरान उसने धान की फसल में इस्तेमाल होने वाला कीटनाशक शराब में मिलाकर पी लिया। कुछ देर बाद जब वह वापस ससुराल पहुंचा तो उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उसे लगातार उल्टियां होने लगीं।
परिजनों ने बिना देर किए उसे सीएचसी म्योरपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल भेजा गया। बाद में चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया।
फिलहाल युवक का वाराणसी में इलाज चल रहा है। घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है।