
विंध्यधाम दर्शन को जा रहे दो युवक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
जिगना (मिर्जापुर)। मिर्जापुर-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बिहसड़ा खुर्द गांव के यादवपुर मजरा के सामने सुबह करीब आठ बजे हुआ, जब तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कार्पियो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मिर्जापुर की ओर से आ रही स्कार्पियो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क की दाहिनी पटरी पर चढ़ गई और सामने जा रही बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक कई मीटर तक सड़क पर घिसटते चले गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही जिगना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। घायलों की पहचान थाना क्षेत्र के दुगौली गांव निवासी 20 वर्षीय नितिन ओझा पुत्र संजय ओझा तथा 18 वर्षीय एस. ओझा पुत्र राकेश ओझा के रूप में हुई है।
बताया गया कि दोनों युवक घर से विंध्याचल धाम में मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के लिए निकले थे। उनके घर से लगभग 18 किलोमीटर दूर यह हादसा हो गया, जिससे परिवार में चिंता और दुख का माहौल है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायलों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।