
मिर्जापुर: सेमरी कला में रातों-रात चकरोड निर्माण का वीडियो वायरल, मनरेगा नियमों के उल्लंघन का आरोप
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
मिर्जापुर जनपद के लालगंज विकास खंड अंतर्गत सेमरी कला गांव में विवादित चक मार्ग पर रात के समय ट्रैक्टर से मिट्टी डालकर सड़क निर्माण कराए जाने का वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी व्याप्त है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ग्राम प्रधान पति गणेश विश्वकर्मा द्वारा मनरेगा योजना के तहत होने वाले कार्य में मशीनों का उपयोग कराया जा रहा है, जबकि मनरेगा के नियमों के अनुसार ऐसे कार्यों में मशीनों के प्रयोग पर प्रतिबंध है।
बताया जा रहा है कि सेमरी कला गांव का यह चक मार्ग वर्षों से विवादों में रहा है। वर्ष 2006 से शुरू हुए इस विवाद को लेकर वर्ष 2018, 2025 और हाल ही में 11 जून 2026 को भी राजस्व विभाग द्वारा पैमाइश कराई गई। 11 जून को तहसीलदार दीक्षा पांडेय की उपस्थिति में हुई पैमाइश के बाद भी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी थी।
इसी बीच शुक्रवार रात अचानक ट्रैक्टरों से मिट्टी लाकर चक मार्ग पर डाली जाने लगी। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी हुए बिना और विवाद सुलझने से पहले ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। किसी ग्रामीण ने रात में चल रहे इस कार्य का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि यह कार्य मनरेगा योजना के अंतर्गत कराया जा रहा है तो इसमें मजदूरों के बजाय मशीनों का उपयोग नियमों के विपरीत है। वहीं, वीडियो सामने आने के बाद संबंधित विभाग और प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं।
अब ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा विवादित चक मार्ग के संबंध में स्पष्ट निर्णय की मांग की है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है।