
बहन से मामूली विवाद के बाद किशोरी ने उठाया खौफनाक कदम, फांसी लगाकर दी जान; परिवार में मचा कोहराम
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां बहन से हुए मामूली विवाद के बाद 16 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, चोपन बैरियर स्थित कांशीराम आवास बस्ती निवासी तरबेज आलम की 16 वर्षीय पुत्री खुशी का किसी बात को लेकर अपनी बहन से विवाद हो गया था। विवाद के बाद नाराज होकर खुशी अपने कमरे में चली गई। काफी देर तक उसके बाहर न आने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की।
जब परिजन कमरे में पहुंचे तो खुशी को फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चोपन ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही चोपन पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
किशोरी की असमय मौत से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, क्षेत्र में इस घटना को लेकर शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है। :::