
शादी की सालगिरह की खुशियां मातम में बदलीं: गैस रिसाव से लगी भीषण आग, गृहस्थी का सामान और नकदी राख
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
मिर्जापुर। विंध्याचल धाम स्थित निहुत महावीर मंदिर के पास गुरुवार को एक परिवार की शादी की सालगिरह की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब जश्न की तैयारियों के दौरान घर में भीषण आग लग गई। गैस पाइप में रिसाव के कारण लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरे घर में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, परिवार में शादी की सालगिरह के उपलक्ष्य में विशेष भोजन की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान रसोई में पनीर की सब्जी बनाते समय गैस पाइप से रिसाव होने लगा और अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा घरेलू सामान, कपड़े, फर्नीचर तथा हजारों रुपये की नकदी जलकर राख हो गई।
आग बुझाने के प्रयास में परिवार का एक सदस्य झुलसकर घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। घटना के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस हादसे ने एक बार फिर घरेलू गैस उपकरणों के नियमित रखरखाव और सुरक्षा मानकों के पालन की आवश्यकता को उजागर किया है। मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक टीम ने घटना की जानकारी जुटाई तथा नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।