
सोशल मीडिया के जाल में गांव की बेटियां! जिगना में संदिग्ध महिला गिरोह की दस्तक, नौकरी के बहाने युवती को ले जाने पहुंची बंगाल की महिला पकड़ी गईं
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
मिर्जापुर जनपद के जिगना थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के माध्यम से गांव की भोली-भाली लड़कियों को अपने जाल में फंसाने वाले संदिग्ध महिला गिरोह की सक्रियता का मामला सामने आया है। महानगर में होटल में रिसेप्शनिस्ट की नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवती को अपने साथ ले जाने पहुंची पश्चिम बंगाल की एक महिला को पीआरवी पुलिस ने पकड़ लिया। फिलहाल पुलिस महिला को थाने में बैठाकर गहन पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती का करीब छह माह पहले एंड्रॉयड मोबाइल पर चैटिंग के जरिए एक महिला से संपर्क हुआ था। बातचीत के दौरान महिला ने युवती को कोलकाता के एक होटल में रिसेप्शनिस्ट की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ती गई और महिला ने युवती को अपने साथ ले जाने की योजना बना ली।
परिजनों के मुताबिक शनिवार को उक्त महिला अचानक उनके घर पहुंच गई और युवती को अपने साथ ले जाने लगी। जब परिवार वालों ने उससे पूछताछ की कि वह युवती को कहां और किस उद्देश्य से ले जा रही है, तो उसने बताया कि कोलकाता में होटल में नौकरी दिलाई जाएगी। महिला की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर परिजनों ने तत्काल पीआरवी पुलिस को सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस महिला को पकड़कर थाने ले आई। पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि वह जिगना स्थित एक होटल में रुकी हुई थी और युवती को वहीं बुला रही थी, लेकिन उसके नहीं आने पर वह खुद उसके घर पहुंच गई। महिला का दावा है कि वह युवती की सहमति से उसे अपने साथ ले जाना चाहती थी।
फिलहाल महिला हेल्प डेस्क और पुलिस टीम द्वारा महिला से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस उसके मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच कर रही है। मामले को मानव तस्करी और संगठित गिरोह से जोड़कर भी जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।