
चोपन रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई: बिहार ले जाई जा रही 46 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ युवक गिरफ्तार
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। चोपन रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार शराब तस्करी के नेटवर्क पर प्रहार किया है। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक युवक को भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से विभिन्न ब्रांड की कुल 46 बोतल शराब बरामद हुई है, जिसे वह बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था।
जानकारी के अनुसार जीआरपी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दिनेश कुमार अपनी टीम के साथ प्लेटफॉर्म संख्या 2/3 पर सघन चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ओवरब्रिज के पास एक संदिग्ध युवक दो सफेद प्लास्टिक की बोरियों में शराब लेकर बैठा हुआ है। सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम मौके पर पहुंच गई।
पुलिस टीम को देखते ही युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन सतर्क जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजेश कुमार पुत्र राजेंद्र चौधरी निवासी मधुबनी, बिहार बताया।
तलाशी के दौरान उसके पास से 30 बोतल 8 पीएम (750 एमएल), 11 बोतल 8 पीएम (375 एमएल) तथा 5 बोतल रॉयल स्टैग (750 एमएल) अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह चोपन क्षेत्र से शराब खरीदकर बिहार ले जा रहा था। बिहार में शराबबंदी लागू होने के कारण वहां शराब की अवैध बिक्री से अधिक मुनाफा कमाया जाता है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। बरामद शराब को सील कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।