
शिव मंदिर चोरी कांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्यूरो : कमलेश पाण्डेय
📞 8382048247
अनपरा, सोनभद्र। अनपरा तापीय परियोजना के आवासीय परिसर स्थित शिव मंदिर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से मंदिर से चोरी किया गया सामान और नकदी भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, अप्रैल माह में शिव मंदिर का ताला तोड़कर चोर दानपात्र से नकदी, चांदी का सर्प तथा अन्य पूजन सामग्री चुरा ले गए थे। घटना के बाद मंदिर के पुजारी की तहरीर पर अनपरा थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।
पुलिस लगातार सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी क्रम में शुक्रवार रात मुखबिर की सूचना पर बिछड़ी स्थित रेलवे अंडरपास के पास पुलिस ने घेराबंदी कर दो संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया।
पूछताछ में उनकी पहचान डिबुलगंज धरिकार बस्ती निवासी सागर उर्फ टाफी तथा घमड़ी धरिकार के रूप में हुई।
अनपरा थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि आरोपियों के पास से मंदिर से चोरी किया गया सफेद धातु का दो सर्पनुमा टुकड़ा तथा दानपात्र से चोरी किए गए 2100 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए दोनों आरोपियों को शनिवार सुबह न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।