
मिर्जापुर: पतार कला भारत गैस केंद्र पर सिलिंडर वितरण को लेकर हंगामा, पुलिस की मौजूदगी में बंटी गैस
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
मिर्जापुर जनपद के लालगंज क्षेत्र स्थित पतार कला भारत गैस वितरण केंद्र पर बुधवार को गैस सिलिंडर वितरण के दौरान भारी अव्यवस्था देखने को मिली। सिलिंडर लेने पहुंचे उपभोक्ताओं की लंबी कतारें, भीषण गर्मी और कम संख्या में सिलिंडर उपलब्ध होने के कारण लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। देखते ही देखते केंद्र पर हंगामे की स्थिति बन गई, जिसके बाद मौके पर पुलिस बुलानी पड़ी। पुलिस की निगरानी में किसी तरह सिलिंडरों का वितरण कराया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कड़ी धूप में घंटों इंतजार
लालगंज विकास खंड के भेड़ा गांव निवासी सुनील कुमार और किहुनिया गांव के शंकर समेत कई उपभोक्ताओं ने बताया कि पूरे क्षेत्र में पतार कला गांव में ही एकमात्र भारत गैस वितरण केंद्र है। ऐसे में लोगों को 10 से 15 किलोमीटर दूर से सिलिंडर लेने आना पड़ता है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि सुबह से लाइन में लगे आम लोगों को नजरअंदाज कर कुछ “सिफारिशी” लोगों को पहले सिलिंडर दे दिया जाता है, जिससे विवाद की स्थिति बन जाती है।
धक्का-मुक्की के बाद बढ़ा विवाद
उपभोक्ताओं के अनुसार सुबह से लाइन में लगे लोगों के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ लोग बिना नंबर के आगे बढ़कर सिलिंडर लेने लगे। इसी दौरान धक्का-मुक्की शुरू हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। भीड़ बढ़ने और लोगों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
मांग से कम पहुंचे सिलिंडर
बताया जा रहा है कि कई दिनों बाद गैस सिलिंडर की खेप केंद्र पर पहुंची थी, लेकिन मांग के मुकाबले सिलिंडरों की संख्या काफी कम थी। इसी कारण बड़ी संख्या में उपभोक्ता केंद्र पर जमा हो गए और वितरण व्यवस्था बिगड़ गई। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद लोगों में नाराजगी बनी रही।
उपभोक्ताओं की मांग
स्थानीय लोगों ने विंध्य भारत गैस एजेंसी प्रबंधन से पतार कला वितरण केंद्र पर नियमित और पर्याप्त मात्रा में गैस सिलिंडर उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को बार-बार परेशानियों का सामना न करना पड़े।
क्या बोले वितरण प्रभारी
पतार कला भारत गैस वितरण केंद्र के प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि सिलिंडरों का वितरण कतारबद्ध तरीके से कराया जा रहा था, लेकिन मांग अधिक और सिलिंडर कम होने के कारण भीड़ बेकाबू हो गई। स्थिति संभालने के लिए पुलिस की मदद लेनी पड़ी।
वहीं, गैस एजेंसी संचालक पी.एस. सिंह ने उपभोक्ताओं के साथ किसी भी प्रकार के भेदभाव के आरोपों से इनकार किया और कहा कि सभी को नियमों के अनुसार सिलिंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।