
नामांतरण रिपोर्ट के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप, लेखपाल के खिलाफ डीएम से शिकायत
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र (रॉबर्ट्सगंज):
रॉबर्ट्सगंज तहसील क्षेत्र में तैनात एक लेखपाल पर नामांतरण रिपोर्ट लगाने के एवज में अवैध रूप से धनराशि मांगने का गंभीर आरोप सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड संख्या-11 रॉबर्ट्सगंज निवासी हरिकेश यादव पुत्र देव यादव ने अपने अधिवक्ता अखिलेश पाण्डेय के माध्यम से जिलाधिकारी को लिखित शिकायत दी है। शिकायत में बताया गया है कि उन्होंने मौजा सहिजन खुर्द, परगना बड़हर स्थित गाटा संख्या 41 में से 25.13 वर्गमीटर भूमि का बैनामा दिनांक 17 अप्रैल 2025 को विधिवत रूप से कराया था।
पीड़ित का आरोप है कि बैनामा के बाद जब उन्होंने नामांतरण (म्यूटेशन) की प्रक्रिया शुरू कराई, तो संबंधित लेखपाल द्वारा रिपोर्ट लगाने के नाम पर अवैध धनराशि की मांग की जाने लगी। पैसे न देने पर कार्य को अनावश्यक रूप से लंबित रखा जा रहा है, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पीड़ित ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए संबंधित लेखपाल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी निगाहें
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस गंभीर आरोप पर क्या कदम उठाता है और पीड़ित को न्याय मिल पाता है या नहीं।