
विवाह समारोहों में गैस संकट नहीं होगा: मिर्जापुर प्रशासन सख्त, 48 आवेदकों को प्राथमिकता से एलपीजी आपूर्ति के निर्देश
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
मिर्जापुर में विवाह एवं अन्य पारिवारिक समारोहों के दौरान एलपीजी गैस की किल्लत को रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के निर्देश पर यह विशेष पहल शुरू की गई है, जिससे समारोहों में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सदर उपजिलाधिकारी गुलाब चन्द्र ने इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के गैस आपूर्ति अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि विवाह समारोह से जुड़े उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए।
यह कार्रवाई अभिभावकों द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्रों के आधार पर की गई है। कुल 48 आवेदकों की सूची तैयार की गई है, जिसमें उनके नाम, पते, मोबाइल नंबर और संबंधित गैस एजेंसियों का पूरा विवरण शामिल है, ताकि आपूर्ति में किसी प्रकार की देरी न हो।
एसडीएम सदर ने तहसील सदर के एआरओ आपूर्ति मनीष कुमार पटेल एवं सप्लाई इंस्पेक्टर अनुराग मिश्रा, विनीत और विवेक सिंह को निर्देशित किया है कि वे गैस एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय सीमा में सभी पात्र लोगों तक एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित करें।
प्रशासन की इस पहल से जिले में शादी-ब्याह के मौसम में गैस की कमी की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।