
जनगणना-2027 : द्वितीय बैच के फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण जोरों पर, डिजिटल कार्यप्रणाली पर विशेष जोर
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत जनपद सोनभद्र में “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में डायट परिसर स्थित सभागार में द्वितीय बैच के चयनित फील्ड ट्रेनर्स के प्रशिक्षण का द्वितीय दिवस सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान मास्टर ट्रेनर्स डॉ. के.एन. उपाध्याय एवं श्री सौरभ सिंह ने प्रतिभागियों को आधुनिक डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग पर विशेष रूप से प्रशिक्षित किया। उन्होंने डेटा संकलन की वैज्ञानिक प्रक्रिया, निर्धारित प्रश्नों के सटीक उत्तरों की डिजिटल प्रविष्टि, समयबद्ध कार्य निष्पादन तथा त्रुटिरहित आंकड़ा संग्रहण के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इसके साथ ही फील्ड स्तर पर आने वाली संभावित चुनौतियों—जैसे तकनीकी समस्याएं, स्थानीय परिस्थितियां एवं डेटा सत्यापन—पर भी गंभीरता से चर्चा की गई और उनके व्यावहारिक समाधान बताए गए, ताकि जनगणना कार्य को बिना किसी बाधा के सुचारु एवं प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रभारी उपजिलाधिकारी, घोरावल ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि जिला प्रशासन की अपेक्षा है कि सभी फील्ड ट्रेनर्स प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान का पूरी निष्ठा के साथ उपयोग करें और जनगणना कार्य को सफल बनाएं। उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण के दौरान अपनी सभी जिज्ञासाओं का समाधान अवश्य कर लें, जिससे भविष्य में उनके द्वारा प्रशिक्षित किए जाने वाले प्रगणकों एवं सुपरवाइजर्स के कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि न हो।
इस अवसर पर जनगणना निदेशालय की ओर से प्रियासा सिंह तथा जिला प्रशासन की ओर से श्री अनिल कुमार श्रीवास्तव ने भी उपस्थित रहकर प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए जनगणना-2027 को सफल बनाने का संकल्प लिया।