
सुलह-समझौते से विवादों के निस्तारण पर जोर
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से 14 मार्च को होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए सोमवार को बैठक की गई। प्राधिकरण के सचिव सिविल जज (सीडी) राहुल के विश्राम कक्ष में हुई बैठक में विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक शामिल हुए।सचिव ने बताया कि यह आयोजन जिला जज राम सुलीन सिंह के निर्देश पर किया जा रहा है। लोक अदालत में आपराधिक शमनीय वाद, धारा-138 एनआई एक्ट, बैंक वसूली, मोटर दुर्घटना प्रतिकर, पारिवारिक, श्रम, भूमि अधिग्रहण, विद्युत व जल बिल, सेवा संबंधी वेतन-भत्ते, सेवानिवृत्ति लाभ, राजस्व व अन्य सिविल मामलों के साथ-साथ सुलह योग्य प्री-लिटिगेशन मामलों का निस्तारण आपसी समझौते के आधार पर किया जाएगा। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अधिक से अधिक मामलों में नोटिस की तामीली सुनिश्चित कर लोक अदालत में लंबित और प्री-लिटिगेशन स्तर के मामलों का सुलह के माध्यम से निस्तारण कराया जाए। बताया कि 22 फरवरी को जिले में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर आयोजित होगा। इसके माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। विशेष रूप से दिव्यांगजन, महिलाएं, बच्चे, असंगठित श्रमिक, गरीब वर्ग तथा अनुसूचित जाति-जनजाति के लोगों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया। सभी विभागों को निर्देश दिया गया कि जागरूकता शिविरों के जरिए पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उनका पंजीकरण कराएं और आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल बनाएं।