
पति के अवैध संबंधों का विरोध करने पर पत्नी व बच्चों की पिटाई, नकदी लेकर फरार
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
राजगढ़ मीरजापुर स्थानीय थाना क्षेत्र के ददरा गांव में पारिवारिक कलह और अवैध संबंधों का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता मंजू देवी ने अपने पति और उसकी कथित प्रेमिका के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि पति न केवल घर का खर्च बंद कर चुका है, बल्कि बच्चों के साथ मारपीट कर घर में रखी नकदी लेकर फरार हो गया है।
25 साल का रिश्ता दांव पर
पीड़िता मंजू देवी के अनुसार, उसकी शादी 25 वर्ष पूर्व राजकुमार के साथ हुई थी और उनके चार बच्चे भी हैं। आरोप है कि पिछले दो वर्षों से पति का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। जानकारी करने पर पता चला कि राजकुमार का मडईपुर सेमरा निवासी एक महिला (शकुन्तला देवी) के साथ अनैतिक संबंध है। पीड़िता का कहना है कि पति अपनी सारी कमाई वहीं खर्च कर देता है, जिससे घर में आर्थिक तंगी आ गई है।
कर्ज का बोझ और प्रताड़ना
शिकायती पत्र के अनुसार, बेटी की शादी के लिए लिए गए कर्ज और गाड़ी की किश्तें न भरने के कारण लेनदार पीड़िता को परेशान कर रहे हैं। विरोध करने पर पति अपनी पत्नी और बच्चों को बुरी तरह पीटता है।
रंगेहाथ पकड़ने पर मिली जान से मारने की धमकी
घटना का विवरण देते हुए पीड़िता ने बताया कि बीते 31 जनवरी 2026 की शाम करीब 7 बजे पति ने घर में मारपीट की और रखे हुए 20,000 रुपये लेकर भाग निकला। जब मंजू ने पीछा किया, तो वह शकुन्तला देवी के घर मिला। पीड़िता ने 1090 पर फोन कर पुलिस की मदद ली, जिसके बाद दोनों को रंगेहाथ पकड़ा गया। आरोप है कि वहां भी विपक्षीगणों ने पीड़िता के साथ अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी।
थाने में सुनवाई न होने पर एसपी की शरण में
पीड़िता का आरोप है कि स्थानीय थाने में सूचना देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है। न्याय न मिलता देख मंजू देवी ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर प्रार्थना पत्र सौंपा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही की मांग की।