
मिर्जापुर में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार सिंह ने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष पुनरीक्षण 2026 को लेकर एक समीक्षा बैठक की।
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
इस बैठक में ज्ञानानन्द अकादमी ऑफ हायर एजुकेशन, विन्ध्यवासिनी महाविद्यालय, कमला आर्य कन्या पीजी कॉलेज और केबीपीजी कॉलेज सहित विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्यों और एनसीसी व एनएसएस अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि 27 अक्टूबर 2025 तक पंजीकृत सभी मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध करा दिए गए हैं। इन प्रपत्रों को 4 दिसंबर 2025 से पहले भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (BLO) के पास जमा करना अनिवार्य है। मतदाताओं को प्रपत्र में अपने और अपने परिजनों के नाम का वर्ष 2003 की विशेष पुनरीक्षित मतदाता सूची से मिलान कर जानकारी भरनी होगी। वर्ष 2003 की मतदाता सूची का विवरण बीएलओ, ईआरओ हेल्प डेस्क और चुनाव आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। केवल बीएलओ द्वारा सत्यापित गणना प्रपत्र वाले नाम ही 9 दिसंबर 2025 को जारी होने वाली आलेख्य मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।मृतक, स्थानांतरित या डुप्लीकेट रिकॉर्ड वाले नामों को एक अलग सूची में प्रकाशित किया जाएगा। यदि किसी मतदाता का नाम 9 दिसंबर को जारी होने वाली सूची में नहीं मिलता है, तो वे 9 दिसंबर 2025 से 8 जनवरी 2026 तक दावा या आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। मतदाता अपनी भाग संख्या और क्रम संख्या वोटर हेल्पलाइन ऐप या ईआरओ हेल्प डेस्क के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं। बैठक के दौरान एनसीसी, एनएसएस समन्वयकों और प्राचार्यों से अनुरोध किया गया कि वे अधिक से अधिक मतदान केंद्रों पर स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करें। इन स्वयंसेवकों की मदद से बूथ लेवल अधिकारियों को उनके कार्यों में सहायता मिलेगी।