
चुनार स्टेशन पर एफओबी बनाने के लिए रिपोर्ट मांगी
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
चुनार। उत्तर मध्य रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने शनिवार को चुनार स्टेशन का निरीक्षण करते हुए प्लेटफार्मों के बीच सुगमता बढ़ाने के लिए प्रस्तावित एफओबी के संभावित स्थानों का निरीक्षण किया।इस दाैरान उन्होंने प्लेटफार्म नंबर एक, चार और पांच के मध्य कनेक्टिविटी को ध्यान में रखते हुए इंजीनियरिंग विभाग से रिपोर्ट तलब की। उन्होंने अधिकारियों से संयुक्त प्रतिवेदन तैयार कर शीघ्र भेजने को कहा ताकि उपयुक्त स्थान तय होने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जा सके।प्रस्ताव है कि नया एफओबी प्लेटफार्म नंबर एक को सीधे अन्य प्लेटफार्मों से जोड़ते हुए स्टेशन के मध्य भाग में बनाया जाए।
वहीं मौजूदा फुटओवर ब्रिज को हाईवे से जोड़ने के लिए डीएफसीसी द्वारा कार्य प्रारंभ कर दिया गया है, जिसे तय अवधि में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। एफओबी बन जाने से लोगों को काफी सहूलियत होगी। स्थानीय लोगों द्वारा इसकी काफी दिनों से मांग की जा रही है।
निरीक्षण से पूर्व डीआरएम ने चोपन–चुनार रेलखंड पर चल रहे दोहरीकरण कार्यों की स्थिति जानी। कहा कि समय से हर काम पूरा होना चाहिए। सक्तेशगढ़, विश्वनाथपुरी, लूसा सहित कई स्टेशनों पर प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि दोहरीकरण परियोजना को 2027 तक तय समय में हर हाल में पूरा किया जाएगा। इस संबंध में संबंधित विभागों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
ट्रेन संचालन, रेल सुरक्षा और यात्रियों की मूलभूत आवश्यकताओं को लेकर भी उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीनियर डीओएम वैभव त्रिवेदी, एडीईएन संजय चौधरी, डीसीएम प्रथम हरिओम, स्टेशन अधीक्षक मेजर सिन्हा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।