
रेणुकूट में 12 वर्षीय बालक लापता, चार दिन बाद भी नहीं लगा सुराग, हड़कंप
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
स्थानीय पुलिस चौकी क्षेत्र के खाड़पाथर इलाके से एक 12 वर्षीय बालक के लापता होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। लापता बालक की पहचान शनि (12 वर्ष) पुत्र काशी राजभर के रूप में हुई है, जो 24 दिसंबर की सुबह करीब 7:30 बजे से घर से अचानक गायब है।
बालक की मां अनीता देवी ने इस संबंध में स्थानीय पुलिस चौकी में तहरीर देकर बताया कि उनका पुत्र 24 दिसंबर की सुबह घर से निकला था, लेकिन उसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका है। परिजनों ने रिश्तेदारों, आसपास के इलाकों और संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन बालक का कहीं कोई सुराग नहीं मिला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है। पुलिस चौकी प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि बालक की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की जा रही है। उन्होंने बताया कि परिजनों से भी आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, यह बालक करीब 15 दिन पहले भी घर से लापता हो गया था। उस समय परिजनों ने 24 घंटे के भीतर उसे रेलवे स्टेशन से सुरक्षित बरामद कर लिया था। हालांकि इस बार चार दिन बीत जाने के बावजूद बालक का कोई पता नहीं चल पाया है, जिससे परिजन बेहद चिंतित हैं।
स्थानीय लोगों ने भी बालक की जल्द से जल्द बरामदगी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि हर संभावित पहलू पर जांच की जा रही है और बालक की सकुशल वापसी के लिए प्रयास जारी हैं।